Saturday, July 27, 2024
More
    होमउत्तर प्रदेशराजतिलक की तैयारी, वीवीआईपी होंगे शामिल

    राजतिलक की तैयारी, वीवीआईपी होंगे शामिल

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से मिली जीत के बाद योगी आदित्यनाथ आज शाम 4 बजे अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश  के सीएम पद की शपथ लेंगे। सुरेश खन्ना के प्रस्ताव के बाद सर्वसम्मति से सभी विधायकों ने योगी को नेता बनाए जाने की सहमति दे दी। सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि मंत्रियों की संख्या 42-48 हो सकती है। भव्‍य शपथ ग्रहण समारोह भारत रत्‍न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा। इस दौरान लखनऊ में राजनेता, फिल्मी सितारों से लेकर उद्योगपतियों की पहुंचने का सिलसिला जारी है।

    योगी के शपथ ग्रहण समारोह में अनेक मठों और धार्मिक स्‍थलों के धर्म गुरूओं की भी मौजूदगी रहने वाली है। योग गुरू बाबा रामदेव भी इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लखनऊ पहुंच रहे हैं। इसके अतिरिक्‍त मथुरा, काशी, अयोध्या और गोरखपुर सहित प्रदेश के अन्‍य भागों के मठों और मंदिरों के महंत और पुजारियों को भी कार्यक्रम हेतु आमंत्रण भेजा गया है।

    गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्‌टर, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के सीएम बासवराज बोम्मई और असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा शामिल हैं। इनके अलावा अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू, त्रिपुरा के सीएम बिप्लब कुमार देब, हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह और गोवा के सीएम प्रमोद सावंत भी कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं।

    विधायक दल के पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहले ही उत्तर प्रदेश पहुंच चुके हैं। उनके साथ झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास सह पर्यवेक्षक के रूप में आए हैं। ये दोनों भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश  चुनाव में भाजपा के प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और उत्तर प्रदेश  में भाजपा के संगठन प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इनके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष तौर पर कार्यक्रम में आएंगे। 11 राज्यों के सीएम, भाजपा शासित राज्यों के उप सीएम भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

    योगी सरकार के 2.0 कार्यकाल का प्रारम्‍भ हो जाएगा। 10 मार्च को रिजल्ट आने के बाद से ही निश्‍चित था कि योगी के सीएम पद के नाम पर मुहर लगेगी। गुरुवार को विधायक दल की बैठक के बाद अमित शाह ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव नरेंद्र मोदी और योगी के कामकाज के नाम पर लड़ा गया। उन्हें लोगों ने पसंद किया।

    उत्तर प्रदेश  चुनाव 2022 में एनडीए को 273 सीटों पर जीत मिली है। इसमें से भाजपा के 255 एवं सहयोगी दल अपना दल सोनेलाल के 12 और निषाद पार्टी के 6 विधायक हैं। शुक्रवार यानी आज भारत रत्‍न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में एनडीए सरकार बनती दिखेगी। उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक सीएम योगी आदित्यनाथ को गुरुवार को एनडीए के विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया। लोकभवन में भाजपा के पर्यवेक्षक, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सह-पर्यवेक्षक रघुवर दास की मौजूदगी में विधायक सुरेश खन्ना ने इसका प्रस्ताव रखा, जिसका पांच वरिष्ठ विधायकों ने समर्थन किया। इसके बाद सर्वसम्मति से सभी विधायकों ने योगी को नेता बनाए जाने की सहमति दे दी।

    Ram Kumar Kuril
    Ram Kumar Kuril
    Software Developer and seasoned tech blogger
    संबंधित आलेख

    कोई जवाब दें

    कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
    कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

    सबसे लोकप्रिय